गोला गोकर्णनाथ। नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने युवक पर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर चालान भेेज दिया है।
नगर निवासी युवती ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि घटना नवंबर 2018 की है। मोहल्ला निवासी रूसिल गुप्ता, जो कि उसके भाई का दोस्त है, जिसका उसके घर पर काफी आना जाना था। आरोप है कि रूसिल ने सुबह उसे बुलाया और मोहल्ले में ही किराए पर रह रहे अपने दोस्त सुनील कुमार के कमरे पर ले गया। जहां उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। रूसिल के साथी अनुज गुप्ता, अभिषेक गुप्ता और सुनील ने खिड़की से मोबाइल पर उसकी वीडीओ क्लिप बना ली। बदनामी के डर से पीड़िता ने घटना की शिकायत नहीं की थी। आरोप है कि घटना के दिन से ही आरोपी क्लिप वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दी। मंगलवार की रात वायरल हुआ वीडियो नगर में सनसनीखेज बन गया और पीड़िता के परिवार वालों तक पहुंचा। परिवार वाले पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी रूसिल गुप्ता और अनुज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया, जिनका चालान भेज दिया, वहीं युवती को मेडिकल के लिए भेजा है। उधर इस बाबत प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर 376डी और आईटीएक्ट के तहत नामजद चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो का चालान भेजा गया है, वहीं उनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।