दूल्हे की कार से नेपाली करेंसी बरामद
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान बरात से नववधू की विदा कराकर लौट रही कार कफारा में उड़नदस्ते ने रोक ली। तलाशी लेने पर कार से 99 हजार नेपाली और सात हजार 680 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई। रुपये केस दर्ज कर जब्त कर लिए हैं। कार बहराइच जिले की बताई गई है।
लोकसभा चुनाव के चलते की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान उड़नदस्ता टीम प्रभारी मार्कंडेय मौर्या और सब इंस्पेक्टर विशाल श्रीवास्तव ने कफारा पुलिस चौकी के आगे ढखेरवा मार्ग पर एक दूल्हे की कार से रुपैडीहा निवासी होमगार्ड दिनेश शर्मा के बैग से 99 हजार नेपाली और सात हजार 680 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की। होमगार्ड पर केस दर्ज करते हुए सरकार के पक्ष में मुद्रा जब्त कर ली गई।
होमगार्ड के पास नेपाली मुद्रा कहां से आई इसका साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। बहराइच जिले के बाबागंज निवासी होमगार्ड दिनेश शर्मा के बेटे आकाश शर्मा की शादी निघासन थाना क्षेत्र के रकेहटी गांव में 19 अप्रैल को थी, जो दूल्हन के साथ अपनी कार से घर जा रहा था। रास्ते में कफारा के पास चेकिंग के दौरान उसके पास से नेपाली मुद्रा बरामद हुई। पुलिस अब होमगार्ड पर फेरा का मामला भी दर्ज कर सकती है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कार्यपालक मजिस्ट्रेट द्वारा मुद्रा बरामदगी का केस दर्ज कराया गया है। होमगार्ड के पास इतनी नेपाली करेंसी कहां से आई साक्ष्य मांगे गए। फेरा का मामला भी दर्ज किया जा सकता है।