आग में झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान मौत, रिपोर्ट दर्ज
मितौली। क्षेत्र के रतहरी गांव निवासी विवाहिता की दो दिन पहले हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका के पिता मैगलगंज निवासी ज्ञानेंद्र कुमार ने तहरीर में बताया है कि पुत्री की शादी मितौली थाना क्षेत्र के रतहरी गांव निवासी सुल्तान कश्यप के पुत्र संजीव उर्फ सोनू कश्यप के साथ की थी। इसके बाद से ससुराल वाले सोने की चेन समेत अन्य अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी करने के लिए ससुराल वाले पुत्री को प्रताड़ित करते थे। मृतका के पिता ने बताया के दो दिसंबर की सुबह उसे फोन पर सूचना मिली कि बेटी ने आग लगा ली है। उसे जिला अस्पताल से सिविल अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां पर इलाज के दौरान 10 दिसंबर शाम को उसकी मौत हो गई। ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बेटी को मिट्टी का तेल डाल कर जलाया गया है। इस मामले में पुलिस ने पति सोनू, देवर मोनू, सास, ससुर और दो ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ ओपी रजक ने बताया कि अभी लखनऊ से पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमे में धाराएं तरमीम की जाएंगी।