किसान को बंधक बनाकर ट्रैक्टर लूट ले गए बदमाश
सीमा विवाद में उलझा मामला, पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट
गोला और मैलानी के चक्कर काट रहा पीड़ित
अमर उजाला ब्यूरो
गोला गोकर्णनाथ। थाना गोला क्षेत्र में गोला-कुकरा मार्ग पर बदमाशों ने रविवार की शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे एक किसान को असलहों के बल पर रोक लिया। उसकी पिटाई करने के बाद हाथपैर बांध दिया और जंगल में फेंक दिया, साथ ही ट्रैक्टर लूटकर भाग निकले। पीड़ित किसान किसी तरह वहां से बंधनमुक्त होकर कोतवाली पहुंचा तो उसे घटना स्थल मैलानी का बताकर लौटा दिया गया। जब वह मैलानी पहुंचा तो पुलिस ने मामला गोला कोतवाली का कहकर टरका दिया। बहरहाल सीमा विवाद के चलते मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
थाना मैलानी के ग्राम बुद्धपुर निवासी रामचंद्र का पुत्र इंद्रपाल रविवार की शाम अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में लकड़ी भरकर गोला के एक भट्ठे पर आया था। लकड़ी वहां डालने के बाद शाम को वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर लौट रहा था। शाम करीब सात बजे सौफुटिया के पास जंगल में बाइक पर सवार दो सशस्त्र बदमाशों ने इंद्रपाल को तमंचा दिखाकर रोक लिया। बदमाशों ने पहले उसकी पिटाई की। बाद में उसे जंगल के अंदर ले गए, जहां हाथ-पैर बांधकर उसे फेंक दिया और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। ट्रॉली वहीं पर छोड़ गए। किसी तरह से वह बंधन मुक्त होकर सड़क तक आया। पीड़ित ने बताया कि उसने एक चार पहिया वाहन को रोककर अपने साथ हुई घटना बताई और उसी वाहन पर बैठकर गोला कोतवाली पहुंचा। उसने घटना की सूचना घर वालों को भी दी। सूचना पर गांव के हरिजिंदर सिंह, गुलाल सिंह, बलवंत सिंह, मनीष, अर्जुन कुमार, मनोज कुमार आदि कोतवाली पहुंचे। कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्र पीड़ित को लेकर मौके पर गए। उन्होंने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने यह भी बताया कि गोला पुलिस ने मैलानी थाना का मामला बताते हुए उसे थाना मैलानी भेज दिया, जहां उसने पहुंचकर तहरीर दी, किंतु मैलानी पुलिस घटना स्थल कोतवाली का बता रही है, इसलिए पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
वर्जन-
ट्रैक्टर लूट का मामला थाना मैलानी का है, इसलिए पीड़ित को थाना मैलानी भेज दिया गया है।
- कन्हैयालाल यादव प्रभारी कोतवाल गोला।
वर्जन-
ट्रैक्टर लूट का मामला उनके संज्ञान में नहीं है, पीड़ित थाने पर नहीं आया और न ही कोई तहरीर मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
- ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक मैलानी।