16 एलकेएच 19
फिर पकड़ा गया लाखों का गुटका
कस्टम चेकिंग से निकल आया था
कमांडेंट ने माना हो रही तस्करी, डीएम को सूचना भेजी
गौरीफंटा। एसएसबी की गौरीफंटा कंपनी ने कजरिया के पास बसों से ले जाया जा रहा भारी मात्रा में नेपाली गुटखा एवं टूथपेस्ट बरामद किया है। साथ ही एक भारतीय युवक को भी दबोचा है।
कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि सोमवार की सुबह नेपाल मेें निर्मित गुटका और टूथपेस्ट पलिया भेजे जाने की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल कजरिया सीमा चौकी कमांडर उपनिरीक्षक राघव झा को मौके पर भेजा गया। चेकिंग में बस से भारी मात्रा में अवैध गुटका और टूथपेस्ट बोरियों में भरा बरामद किया गया। गुटके के साथ पकड़े गए युवक ने अपना नाम हर्षित गुप्ता निवासी पलिया बताया। साथ ही युवक ने बताया कि सीमा पर स्थित डोका बाजार के यादव पोखरैल नामक व्यक्ति ने यह सामान पलिया निवासी मोहित गुप्ता तक पहुंचाने को कहा था। बरामद सामान की अनुमानित कीमत एक लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद सामान को कस्टम पलिया के सुपुर्द कर दिया गया है। इधर इस बरामदगी के बाद 39वीं वाहिनी के कमांडेंट राजीव कुमार अहलूवालिया ने बताया कि यह सामान बार्डर स्थित कस्टम विभाग की चेकिंग में नहीं पकड़ा गया। वहां से निकलकर पलिया की ओर जाते समय बस चेकिंग में पकड़े गए सामान से नेपाल से तस्करी कर भारत में माल बेचने की पुष्टि होती है। इससे डीएम, एसआरटीओ और संबंधित विभागों को भी अवगत कराने के लिए पत्र भेजा जा रहा है।