खीरी थाना क्षेत्र के भीरा घासी में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में लाठी-डंडों से लेकर धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों की कई महिलाओं और एक मासूम समेत करीब 12 लोग घायल हो गए। 100 नंबर पर डायल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को खीरी थाना भेजा और घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के भीरा घासी में विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताते हैं कि एक पक्ष विवादित जमीन पर भैसें बांधने के लिए खूंटे गाडे़ हुए था तो दूसरा पक्ष अपना कब्जा दिखाने के लिए जमीन पर पटरी-बल्ली डालने लगा। एक पक्ष के मना करने पर बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों से लाठी-डंडे और गड़ासी, तलवार चलने लगे और पथराव भी शुरू हो गया। जिसमें दोनों पक्षों की कई महिलाएं एक बच्चा अतीक सहित 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के हशमत अली, उसमान, अमीर, मकसूदन पत्नी जुम्मन, मुन्ना, मुन्नी पत्नी मुन्ना, इरशाद, 10 वर्षीय अतीक पुत्र मुन्ना, शहजाद और दूसरे पक्ष के रशीद, इशहाक, फारुख, अब्दुल इस्लाम, मोहम्मद अली, मासूम अली, के सिर पैर हाथों में गंभीर चोटें आईं। लोगों ने किसी तरह 100 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को खीरी थाने भेजा। खीरी पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछ ताछ के बाद गंभीर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की।
घर के सामने कूड़ा डालने से मना करने पर पिटाई का आरोप
मझगईं। घर के सामने कूड़ा डालने से मना करना एक महिला को काफी महंगा पड़ गया। आरोप है कि कूड़ा डालने से मना करने पर विपक्षियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित महिला ने एसडीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बल्लीपुर निवासी रोशनी देवी ने एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसके घर के सामने दरवाजे पर पड़ोस के रहने वाले कुछ लोग कूड़ा करकट डाल रहे थे। जिसका उसने विरोध किया तो विपक्षियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। महिला ने बताया कि कूड़े के साथ घर की गंदगी भी वह लोग उसके घर के पास डाल रहे हैं, जिससे उसके बच्चे बीमारी से पीड़ित हैं। महिला ने विपक्षियों पर कार्रवाई करते हुए उसके घर के सामने कूड़ा न डालने की मांग एसडीएम से की है।
जगह को लेकर हुए विवाद में महिला समेत दो को पीटा
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव में जगह को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने महिला की सरेराह पिटाई कर दी। विरोध करने पर उसके गहने आदि नोंच ले गए।
बहादुर नगर की सुनीता देवी बुधवार दोपहर 12 बजे अपने मकान के सामने पानी निकालने के लिए कच्ची नाली बना रही थी। तभी पड़ोसियों ने इसका विरोध किया। जब वह नहीं मानी तो विपक्षियों ने उसकी पिटाई कर दी। उसके चीखने-चिल्लाने पर उसका पति बीच बचाव के लिए आया तो इन लोगों ने उसे भी पीट दिया। आरोप है कि हमलावर विवाहिता के सोने के गहने भी नोंच ले गए। जिसकी सूचना पीड़िता ने 100 नंबर पर दी, कार्रवाई न होने पर सीओ मोहम्मदी से मिलकर उसने आपबीती बताई। सीओ विजय आनंद ने कार्रवाई करते हुए महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया। एसएचओ डीके सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।