शौच करने खेतों की ओर शनिवार की देर शाम गई एक 14 वर्षीय किशोरी को गांव के युवक ने दबोच लिया और गन्ने के खेत में ले जाकर रेप किया। रविवार की सुबह रिपोर्ट दर्ज कराने पीड़िता अपने माता-पिता के साथ कफारा पुलिस चौकी पहुंची, लेकिन पुलिस पूरे दिन रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल करती रही। यहां तक पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भी नहीं भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी शाम करीब आठ बजे शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही एक युवक ने उसे दबोच लिया और गन्ने के खेत में खींच ले जाकर रेप किया। आरोपी के चंगुल से छूटी किशोरी घर पहुंची और परिवार वालों को पूरी घटना बताई। शाम को ही किशोरी के पिता ने घटना की जानकारी यूपी 100 और कफारा चौकी पुलिस को दी। सूचना पर यूपी 100 और चौकी प्रभारी आशीष कुमार सिंह गांव पहुंचे। पुलिस ने आरोपी असलम के घर पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पीड़िता सुबह अपने माता-पिता के साथ कफारा पुलिस चौकी पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। चौकी पुलिस उसे करीब पांच घंटे तक बैठाए रखी, लेकिन न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। प्रभारी कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि किशोरी से रेप होने की सूचना मिली है। कोतवाली पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि चौकी पुलिस को तहरीर दी गई है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।