लखीमपुर खीरी। जिले में एकाएक चोरी की घटनाएं बढ़ गईं हैं, लेकिन चुस्त गश्त का दावा करने वाली पुलिस घटनाओं को रोक पाने में असफल दिख रही है। मंगलवार रात चोरों ने थाना व कस्बा खीरी में दो मकानों समेत एक दुकान से जहां नकदी जेवर समेत करीब दो लाख का सामान उड़ा लिया। वहीं पलिया कस्बे में चोरों ने खाकी की गश्त की असलियत ही खोलकर रख दीं। चोरों ने नौ दुकानों की टिन काट दी और हजारों की नकदी चुरा ले गए। पुलिस ने किसी भी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
दो मकानों और एक दुकान से लाखों की चोरी
खीरी टाउन। कस्बे के मोहल्ला जोशी टोला निवासी मोहम्मद आमीन ने बताया कि वह परिवार समेत घर में सो रहे थे। छत के सहारे घर में घुसे चोर कमरे का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के हजारों के जेवर चुरा ले गए। तो मोहल्ला तबेला में शहरुख कुएं के पास तजम्मुल हुसैन के मकान में पीछे की दीवार की ईटें हटा कर चोर घर में घुस गए। यहां से अलमारी का ताला खोल कर चोर 15 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी झुमकी, सोने की एक अंगूठी, एक मंगल सूत्र, एक जोड़ी चांदी का खडुवा चुरा ले गए। वहीं मस्जिद के पास एक दुकान का ताला तोड़कर 17 हजार रुपये और परचून की दुकान में रखा सामान उठा ले गए। पीडितों को चोरी का पता तब चला जब सुबह तड़के सभी लोग जागे। पीड़ितों ने खीरी चौकी में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मोहल्ला तबेला के लोगों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट न होने से मोहल्ले में अंधेरा रहता है। अंधेरा का फायदा उठा कर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं मोहल्ला तबेला के लोगों का कहना है कि फकवा तालाब के पास जुआरियों और कस्बे के कई मोहल्लों में सट्टा होता है, जिस कारण कस्बे में चोरियों की वारदातें बढ़ रहीं हैं।
नौ दुकानों की टीन काटकर हजारों की नकदी उड़ाई
पलियाकलां। चोरों ने मंगलवार की रात माल गोदाम रोड पर एक लाइन से नौ दुकानों की टिन काट दी। चोर राजीव गुप्ता की ऑटोमोबाइल्स की दुकान से 65 सौ रुपये की नकदी, सुनील मैकेनिक, बालाजी स्टील्स, पांडेय अलमारी, नगीना टेंट हाउस, नरेंद्र चौधरी की प्लास्टिक की दुकान के साथ ही तीन अन्य दुकानों की टिन काटकर करीब 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब दुकान मालिकों ने अपनी दुकानें खोलीं तब उन्हें चोरी का पता चला। एक ही रात में नौ दुकानों में हुई चोरी की वारदात से व्यापारियों में दहशत है। सूचना पर एसओ विपिन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सभी दुकानों का निरीक्षण किया। व्यापारियों में पुलिस की गश्त पर भी खासा रोष व्याप्त है।
एसओ से मिले व्यापार मंडल के पदाधिकारी
एक साथ नौ दुकानों में हुई चोरी की वारदात के बाद नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनूप मिश्रा, महामंत्री चांद कुमार जैन के नेतृत्व में कई व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने एसओ विपिन कुमार सिंह से मुलाकात करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है। एसओ ने खुलासे के लिए व्यापारियों से सात दिन का समय मांगा है। इससे पहले व्यापारी नेता रवि गुप्ता भी थाने पहुंचे। चोरियों के प्रति रोष जताते हुए एसओ से कार्रवाई की मांग की।
सोलर पैनल चोरी
जंगबहादुरगंज। प्राथमिक विद्यालय पसगवां में लगे वाई फाई सिस्टम के सोलर पैनल बीती रात चोर खोल ले गए, जो एक माह पहले ही लगा था। प्रधानाध्यापक नरेंद्र श्रीवास्तव ने घटना की सूचना पसगवां कोतवाली पुलिस को दे दी है।