लखीमपुर खीरी।
सदर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात चोर फिर चुस्त साबित हुए, जबकि पुलिस सुस्त। इसी वजह से चोर रोशनदान तोड़कर मेला मैदान रोड पर स्थित एक फाइनेंस कंपनी में घुसे और नकदी समेत करीब 30 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। उधर, महेवागंज में स्थित एक किराने की दुकान में नकब लगाकर चोर हजारों रुपये का सामान ले गए। दोनों घटनाओं की तहरीरें पुलिस को दी गई हैं।
शहर में मेला मैदान रोड पर स्थित एक फाइनेंस कंपनी में चोर रोशनदान की जाली और शीशा तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे के सिस्टम को ऑफ किया और उसकी हार्डडिक्स निकाल ली। फिर काफी इत्मीनान के साथ ऑफिस में तोड़फोड़ की। यहां से चोर लैपटॉप की बैटरी, 63 सौ रुपये समेत करीब 30 हजार रुपये का सामान ले गए। कंपनी के ब्रांच मैनेजर कमलजीत सिंह ने घटना की तहरीर संकटा देवी चौकी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सदर कोतवाली दीपक शुक्ला का कहना है कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। न ही कोई तहरीर आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
महेवागंज खीरी। सदर चौराहे पर कस्बे के गांव दलालपुरवा निवासी इमरान की किराने की दुकान है। गुरुवार देर शाम दुकान मालिक अपनी दुकान बंदकर घर चला गया। गुरुवार रात चोर नकब लगाकर दुकान में घुस गए और वहां रखे बिक्री के 15000 रुपये, गुटखा, पान मसाला और सिगरेट समेत हजारों का माल ले गए। पीड़ित को घटना की जानकारी तब हुई जब शुक्रवार सुबह उसने दुकान खोली।
दीवार कटी देख वह दंग रह गया। चोरी की खबर से चौराहे पर तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित दुकानदार ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। चौकी प्रभारी अनिल सिंह मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। उधर, दुकान मालिक ने बताया कि पुलिस रात भर गश्त भी करती है, बावजूद इसके चोरी हो गई। साफ जाहिर है कि पुलिस से ज्यादा चोर चुस्त हैं।