लखीमपुर खीरी। बेखौफ बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात मोहल्ला शिवपुरी में एक निर्माणाधीन मकान पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में सो रहे शिक्षा विभाग के लिपिक और उसके नौकर को लोहे की रॉड से पीटकर अधमरा कर दिया और हजारों की नकदी लूटकर फरार हो गए। घायलों का लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोतवाली धौरहरा के गांव लौकिहा निवासी मनोज वर्मा ने बताया कि उनका भाई विवेक वर्मा रमियाबेहड़ बीआरसी में लिपिक है। भाई का लखीमपुर शहर में पलिया बस अड्डे के पीछे मोहल्ला शिवपुरी में मकान बन रहा है। बृहस्पतिवार की देर शाम भाई विवेक वर्मा अपने नौकर टेनी के साथ कार से निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे और खा पीकर वहीं सो गए। रात करीब 11 बजे चार बदमाश घर में घुस आए और दोनों को चारपाई पर ही दबोच लिया। बदमाशों ने लोहे की रॉडों से दोनों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद भाई के पास रखी 40 हजार रुपये की नकदी, सोने की चेन और नौकर टेनी के पास से ढाई हजार रुपये की नकदी लूटकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह से दोनों ने शोर शराबा मचाया। इस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। सूचना पर पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों को हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। दोनों का लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। लिपिक के भाई विवेक वर्मा ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।