लखीमपुर खीरी।
किशोरी से गैंगरेप और वीडियो क्लिप बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज सपा महिला सभा ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। सभा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन डीएम और एसपी को सौंपा है।
सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता लोहिया भवन पर एकत्र हुईं। वहां से हाथ में विभिन्न स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर और नारेबाजी करते हुए डीएम-एसपी के कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने डीएम और एसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी ने कहा कि लखनऊ के तीन युवकों ने थाना निघासन क्षेत्र की 13 वर्षीय किशोरी के साथ उसके घर के बाहर दुष्कर्म किया। उसकी वीडियो क्लिप बनाई और उसे साोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद भी पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि जिले से लेकर प्रदेश में महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। ज्ञापन देने वालों में जुबैदा, पूनम यादव, तारा, शाहिना आदि शामिल थीं।