पवन हत्याकांड में नाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
मोहम्मदी। कस्बे के मोहल्ला पूर्वी लखपेड़ा (कोरियाना) निवासी 19 वर्षीय पवन की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के बड़े भाई ने अपने नाना पर ही पवन की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पवन शराब और जुआ का लती था। जुआ और शराब के लिए पैसा न मिलने पर वह नाना के साथ मारपीट करता था। इससे नाराज नाना ने उसके भाई ( पवन) की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने बड़े भाई की तहरीर पर पांच दिन बाद आरोपी नाना के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पूर्वी लखपेड़ा (कोरियाना) निवासी स्व.रामपाल का पुत्र पवन कुमार अपनी मां के साथ रहता था, जबकि उसके तीन भाई अपनी ननिहाल ननिहाल रछेला गांव में रहते हैं। दशहरा के चलते उसकी मां अपने मायके रछेला चली गई थी। पवन के बड़े भाई राजेश ने बताया कि उसकी मां के कहने पर 19 अक्तूबर को नाना रामविलास पूर्वी लखपेड़ा पहुंचे और पवन को समझाने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने उसे बताया कि उल्टे ही पवन ने ही नाना से हाथापाई शुरू कर दी। इस पर नाना ने गुस्से में आकर उसका गला घोट दिया, जिससे पवन की मौत हो गई। अगले दिन सुबह नाना ने फोन से पवन की मौत की सूचना दी। सूचना पर वह अपनी मां के साथ मोहम्मदी पहुंचा। पहले तो उसने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया और उसके अंतिम संस्कार के लिए शव को गोमती तट मुक्ति धाम ले गए, लेकिन पवन की अकारण और अचानक मौत पर संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला दबाकर उसकी मौत होने का खुलासा हुआ। राजेश का कहना है कि मृतक पवन शराब और जुआ का आदी थी। मां के साथ मारपीट करता था, जिससे मां घटना से चार पांच दिन पूर्व अपने मायके रछेला चली गई थी। पवन से पूरा घर परेशान था। पुलिस ने राजेश की तहरीर पर नाना रामविलास के खिलाफ पांच दिन बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट दर्ज होते ही नाना रामविलास फरार है। मामले की जांच इंस्पेक्टर डीके सिंह को सौंपी गई है।