लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला कपूरथला में हुई फायरिंग के मामले में एसपी की फटकार के बाद भी सदर कोतवाली पुलिस नहीं चेती। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल कब्जे में लेने की जरूरत नहीं समझी। सिर्फ लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजकर अपना पल्ला झाड़ लिया।
शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने मोहल्ला कपूरथला में स्थित एक घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की थी, इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस कुछ देर बाद आरोपी को मय पिस्टल के पकड़कर कोतवाली ले आई थी, लेकिन सत्तापक्ष के कुछ नेताओं ने दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में समझौता करा दिया था। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं की और उसे छोड़ दिया था। शनिवार को एसपी ने प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह को कड़ी फटकार लगाई थी और कार्रवाई के आदेश दिए थे। एसपी की डांट फटकार के बाद कोतवाल ने आननफानन ने पिस्टल का लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट तो भेज दी, लेकिन पिस्टल को कब्जे में नहीं लिया। इससे साफ है कि एसपी का आदेश प्रभारी निरीक्षक के लिए कोई खास मायने नहीं रखता। वह भी ऐसे समय में, जब चुनाव को लेकर पुलिस अफसर लाइसेंसी असलहों को जमा कराने पर काफी जोर लगा रहे हैं।
पिस्टल अभी कब्जे में नहीं ली गई है। मैने लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेज दी है। अफसरों का जैसा निर्देश मिलता है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- फतेह सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर