लखीमपुर खीरी। लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस लाइसेंसी असलहों को जमा कराने पर जोर दे रही है, लेकिन अवैध असलहों को लेकर पुख्ता रणनीति अब तक नहीं बनाई है। पहली मार्च से अब तक पकड़ी गई सात अवैध शस्त्र फैक्टरियों से इस बात की पुष्टि हो रही है कि जिले में बड़े पैमाने पर तमंचों और बंदूकों की भारी खेप तैयार हो रही है। यह खेप कहीं चुनाव के सुरक्षा बंदोबस्त में खलल न पैदा कर दे, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है।
पहली मार्च से जिले में चलाए गए अभियान के तहत कोतवाली धौरहरा, ईसानगर, निघासन, फूलबेहड़, मैलानी समेत अन्य थानों की पुलिस ने सात अवैध शस्त्र फैक्टरियां बरामद कर 42 अवैध शस्त्र, 55 कारतूस और 39 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया था। रविवार को भी धौरहरा और मोहम्मदी पुलिस ने एक-एक फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस 1141 लाइसेंसी असलहों को अब तक जमा करा चुकी है। इससे यह बात तो साफ हो गई है कि लोकसभा चुनाव का बिगुल बजते ही जिले में अवैध शस्त्रों को बनाने के कार्य तेजी से शुरू हो गया है। पुलिस रिकार्ड पर यदि नजर डाले तो बलवा आदि के दर्ज मामलों में देशी असलहों का ही प्रयोग हुआ है। इसके अलावा भी आए दिन लोग अवैध असलहों के साथ पकड़े गए हैं। पुलिस चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लाइसेंसी असलहों को जमा कराने पर जोर दे रही है, लेकिन पुलिस अफसरों ने अवैध असलहों के कारोबार को रोकने के लिए कोई पुख्ता रणनीति नहीं बना पाए हैं। यह अवैध असलहा कहीं चुनाव में खलल पैदा न करें, इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
अभियान चला तो पकड़े जाने लगे कट्टे
भाजपा विधायक योगेश वर्मा को गोली मारकर घायल करने और मोहल्ला निर्मलनगर निवासी राजन मिश्रा गोली मारकर हुई हत्या के बाद एसपी पूनम ने बाइक और कारों की चेकिंग कराकर अवैध असलहों को लेकर शनिवार को अभियान चलाया था, जिसमें भी कुछ लोग देशी तमंचों और कारतूस के साथ पकड़े गए थे। रविवार को भी सदर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को तमंचा के साथ दबोच लिया। पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज रही है, लेकिन आरोपी तमंचा और कारतूस कहां से लाए ? किसने उन्हें उपलब्ध कराया ? उनका असलहा लेकर चलने के पीछे मकसद क्या था ? आदि की जांच कर कार्रवाई करना मुनासिब नहीं समझ रही हैं।
चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिस कटिबद्ध है। लगातार कार्रवाई कर रही है। अवैध तमंचों को लेकर भी अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
पूनम पुलिस अधीक्षक