लखीमपुर खीरी। खनन निरीक्षक के आवास का गेट तोड़ने और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने खनन पट्टा धारक के पति प्रेम वर्मा और उनके चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न डालने सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन पुलिस की जांच अभी तक एक कदम आगे नहीं बढ़ सकी है।
खनन निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय लखीमपुर शहर के मोहल्ला काशीराम कॉलोनी में स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो अवधेश सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। शनिवार की रात तीन-चार कारों से पहुंचे माफिया ने आवास का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की थी। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की थी। घटना के समय खनन निरीक्षक घर पर मौजूद नहीं थे। वह सरकारी काम से लखनऊ गए हुए थे। खनन निरीक्षक का कहना है कि उन्होंने शुक्रवार को बालू भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली महेवागंज और दो ट्रैक्टर ट्रॉली थाना निघासन क्षेत्र में सीज कर पुलिस को सौंपी थीं। इससे माफिया बौखला गए। उन्होंने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि तीनों ट्रैक्टर ट्रॉलियों के चालकों के पास खनन पट्टा क्षेत्र सर्वा, शिवपुरी तहसील लखीमपुर से बालू लाने का ई-प्रपत्र एमएम-11 था, लेकिन प्रपत्र में दर्ज मात्रा से अधिक मात्रा में बालू भरी होने पर उन्होंने कार्रवाई की थी। इससे आरोपी नाराज थे। सर्वा, शिवपुरी क्षेत्र की खनन पट्टा धारक मनोरमा वर्मा हैं। आरोपी प्रेम वर्मा उनके पति है। ट्रॉलियां पकड़े जाने से नाराज प्रेम वर्मा ने अपने अन्य साथियों के साथ घटना की है। कोतवाली पुलिस ने खनन निरीक्षक की तहरीर पर प्रेम वर्मा और उनके चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, बलवा समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना को हुए 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की जांच अभी एक कदम भी आगे नहीं बढ़ी है।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की नहीं उठाई जहमत
खनन निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय जिस मकान में रहते हैं। उस मकान और आसपास के रास्तों पर कई लोगों के घरों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर भी गई, लेकिन पुलिस तहरीर न आने की बात कह अपना पल्ला झाड़ती रही। तहरीर मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन अभी तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ ही अभी तक मामले की जांच शुरू नहीं कर सकी है।
खनन निरीक्षक की तहरीर पर प्रेम वर्मा और चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- डीपी तिवारी प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर