बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य दबोचे
लखीमपुर खीरी। सिलसिलेवार हो रहीं बाइक चोरियों की वारदात से परेशान सदर कोतवाली पुलिस ऑटो लिफ्टर गैंग तक पहुंच गई है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को पकड़ा है, उनसे पूछताछ कर रही है। आरोपियों की निशानदेही पर अब तक पुलिस तीन बाइक बरामद कर कब्जे में ले चुकी है, जबकि अन्य बाइक बरामद करने की कोशिश है। पुलिस मंगलवार को गैंग का खुलासा कर सकती है।
शहर में बाइक चोरों ने सदर कोतवाली पुलिस की नाक में दम कर रखा है। औसतन प्रतिदिन दो बाइक चोरी हो रही हैं। एसपी ने बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर रविवार को सदर कोतवाली और गोला पुलिस को कड़ी फटकार लगाई थी। एसपी की फटकार के बाद सीओ सिटी आरके वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम बाइक चोरों की तलाश कर रही थी। सोमवार को पुलिस ने बाइक चोर गैंग के दो सदस्यों को दबोचा है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन बाइकों को बरामद भी किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस शहर से चोरी हुई अन्य बाइक को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है। अब तक बरामद हुई बाइक में शहर से चोरी हुई बाइक भी शामिल हैं।
वर्जन.....
शक के आधार पर कुछ युवकों को पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ की गई है। बाइक को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
अशोक कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली