लखीमपुर खीरी। बरेली का एक युवक शहर निवासी अपनी एक रिश्तेदार की पुत्री को व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो, मैसेज भेजकर परेशान कर रहा है। युवती जब विरोध करती है तो गाली गलौज करता है। पीड़िता बृहस्पतिवार को अपनी मां और भाई के साथ सदर कोतवाली पहुंची। उसने कार्यवाहक प्रभारी दरोगा को अपनी पीड़ा बताई। दरोगा ने कार्रवाई की बजाय यह कहकर उसे टरका दिया कि यह मेरे बस की नहीं है। इंस्पेक्टर कल आएंगे तब आना।
शहर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि बरेली के नकटी निवासी एक युवक उसका दूर का रिश्तेदार भी है। वह करीब एक साल से उसकी बहन को व्हाट्सएप नंबर पर आपत्तिजनक फोटो और मैसेज भेजता था। उसे काफी समझाया गया, लेकिन वह नहीं मान रहा है। दिसंबर 2018 में बहन ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया था। हफ्तेभर बाद आरोपी जेल से छूट गया। वह अब फिर आपत्तिजनक फोटो, मैसेज भेज रहा है। गाली-गलौज करता है। बृहस्पतिवार को पीड़िता अपने भाई और मां के साथ सदर कोतवाली पहुंची और कार्यवाहक प्रभारी दरोगा हरीश गंगवार से मिली। पीड़िता के भाई ने तहरीर देकर पूरी बात बताई। पीड़िता ने भेजे गए अश्लील चित्र और व्हाट्सएप के मैसेज भी दिखाए, लेकिन दरोगा ने यह कहते हुए उसे टरका दिया कि यह मामला इंस्पेक्टर के स्तर का है। इसलिए जब वह आएं तब आना। इस पर मायूस हुई पीड़िता लौट गई।
पीड़िता मेरे पास आई थी। इंस्पेक्टर छुट्टी पर हैं। मैने इंस्पेक्टर के कल आने पर उसे बुलाया है? क्योंकि यह मामला मेरे स्तर का नहीं है।
हरीश गंगवार कार्यवाहक प्रभारी सदर कोतवाली