लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली की एलआरपी पुलिस चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम सवार बाइक तीन बदमाशों ने कर्ज वसूली करने निकले बरेली के एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी से 92 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी कर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बरेली के मोहल्ला सुरेश शर्मा नगर निवासी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि एक प्राइवेट कंपनी की शाखा मोहल्ला कुलदीप (ईदगाह) लखीमपुर में पिछले एक साल से काम करता है। कंपनी गांवों और शहरों में महिलाओं का समूह बनाकर सूक्ष्म ऋण उपलब्ध कराती है। इस कर्ज की वसूली महिलाओं की साप्ताहिक बैठक में की जाती है। बृहस्पतिवार को उन्होंने रहले गांव गडरुआ, पिपरिया, राजापुर आदि में वसूली की। इसके बाद बाइक से चंदपुरा वसूली करने जा रहे थे। इसी बीच सीतापुर रोड पर प्लाईवुड के पास सामने से बाइक सवार तीन बदमाश आए और ओवरटेक कर उनको रोक लिया। एक बदमाश ने पीठ पर तमंचे की बट मारी और गाड़ी की चाबी निकाल ली। शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी। नोटों से भरा थैला लूटकर बदमाश भाग निकले। उन्होंने बताया कि थैले में 92, 133 रुपये, एक टैबलेट भी था। बदमाश उसका मोबाइल, गाड़ी के कागजात आदि भी साथ ले गए हैं। शोर होने पर मौके पर तमाम लोग जुट गए। सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर अपराध कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक ओपी तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन कोई नहीं चल सका। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक ओपी तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।