लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस को शुक्रवार की शाम बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने मोहल्ला गढ़ी में एक मकान पर छापा मारकर बड़ी संख्या में नकली देशी शराब से भरे पौवा, रेपर, और एथनॉल बरामद कर दो नौकरों समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से एक बाइक भी बरामद की है। सूचना पर एएसपी घनश्याम चौरसिया भी सीओ सिटी के साथ मौके पर पहुंच गए।
इंस्पेक्टर सदर कुलदीप तिवारी ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि मोहल्ला गढ़ी में एक मकान पर अवैध देशी शराब बनाई जा रही है। सूचना पर उन्होंने पुलिस फोर्स के साथ शाम करीब सात बजे मोहल्ला इमली चौराहा निवासी आनंद जायसवाल के मकान पर छापा मारा। छापे की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आनंद जायसवाल, उसके साथी रितेश जायसवाल, धौरहरा कोतवाली के गांव परौरी निवासी नौकर विवेक जायसवाल और सीतापुर जिले के महोली निवासी हरकन सिंह को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से 40 पेटियों में भरे रखे शराब के करीब दो हजार पौवा, 180 ली एथनॉल, 20 खाली पौवा, बड़ी संख्या में रेपर और एक बाइक बरामद की। इंस्पेक्टर ने बताया कि रेपर दो जिलों के बरामद हुए हैं, जिनमें सीतापुर जिले में बिकने वाली देशी शराब फाइटर और लखीमपुर खीरी जिले में बिकने वाली हॉट टाई शराब के हैं। देशी शराब बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ होने की सूचना पर एएसपी घनश्याम चौरसिया और सीओ सिटी हरीराम वर्मा मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने मौके का निरीक्षण किया। आबकारी विभाग की टीम को बुलाकर पुलिस ने माल को सीज कर दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद माल को सीज कर कब्जे में लिया गया है।
0000000000000