गोला कोतवाली पुलिस गिरफ्त में चोरी के माल के साथ आरोपी
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली पुलिस ने नगर में हुईं तीन चोरियों के खुलासे का दावा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी निशानदेही पर करीब छह लाख रुपये के जेवर बरामद हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे और नानक चौकी इंचार्ज अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 अगस्त को भूतनाथ मंदिर रोड पर होंडा एजेंसी के पीछे मोहल्ला ऊंची भूड़ निवासी मोहम्मद वाहिद और हनीफ को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने 20 जून को पंजाबी कॉलोनी निवासी गौरव बाजपेई, 30 जून को राघव कुंज पंजाबी कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारी डॉ एनके वर्मा और 23 अगस्त की रात गोपाल नगर निवासी विजय कुमार के घर हुई चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि अभियुक्तों के पास से 23 अगस्त की रात गोपाल नगर में हुई चोरी का माल बरामद हुआ है। अभियुक्तों ने पूर्व में राघव कुंज और पंजाबी कॉलोनी में चोरी की घटना भी स्वीकार की है।