मितौली। थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में शनिवार रात हुई पंचायत मित्र मनोज की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आला कत्ल बांका व लाठी भी बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत रसूलपुर के मजरा कमलापुर के रहने वाले पंचायत मित्र मनोज की शनिवार रात चुनावी रंजिश में उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह मितौली से वापस अपने घर जा रहा था। मृतक के पिता त्रिवेणी प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही चार लोगों अमरजीत, सुरेश, बाल गोविंद, रवित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसओ अनिल कुमार सैनी ने बताया कि नामजद आरोपियों में बालगोविंद व सुरेश को घटना के अगले दिन रसूलपुर मोड़ पर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की निशानदेही पर कमलापुर चौराहे के पास एक खंडहरनुमा पंचायत भवन के पास से घटना में प्रयुक्त लाठी डंडे बरामद किए गए, जबकि मुख्य आरोपी अमरजीत को पुलिस टीम ने लखीमपुर रोड पर दानपुर मोड़ से पकड़ा।
अमरजीत की निशानदेही पर मूसेपुर रोड पर एक खेत के पास झाड़ियों से आला कत्ल बांका भी बरामद किया गया है।
-
तीनों आरोपियों को आलाकत्ल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि नामजद एक आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
-संदीप सिंह, सीओ