ईसानगर के मिर्जापुर गांव में विवाहिता की मृत्यु के बाद परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। ईसानगर क्षेत्र की एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर और मुकदमा दर्ज करने का भरोसा देकर शांत किया।
मामला ईसानगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर का है, जहां रविवार देर रात रुखसार पत्नी मोइनुद्दीन का घर में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका शव मिला था।
10 साल पहले अंदेशनगर की रहने वाली रुखसार की शादी मिर्जापुर में हुई थी। थाना प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। लेकिन, मृतका के परिजन शव लेकर एसपी दफ्तर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने मामले को शांत कराया, जिसके बाद वह सब लौट गए।
थाना प्रभारी ईसानगर संजय त्यागी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से न तो पहले कोई तहरीर मिली थी, न ही अब मिली है। उन्होंने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। परिजन ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है।
-----
कुछ लोग एसपी दफ्तर आए थे। उन्हें उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया गया, जिस पर वह मान गए और वापस चले गए। थाना ईसानगर को भी संबंधित पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा गया है।
-अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक