पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भोगीपुरमनी निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के परिवारीजनों ने विरोधियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
ग्राम भोगीपुरमनी निवासी जवाहर गौतम (45) शनिवार को सुबह दस बजे खेत पर गया था। बताया जाता है कि जवाहर जब घर लौटा तो उसकी तबीयत काफी खराब थी, परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी पसगवां ला रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बताते हैं तीन दिन पहले जवाहर के परिवार वालों ने गांव के ही मनीराम की कच्ची दीवार के किनारे धरती के फूल खोदे थे जिससे कच्ची दीवार गिर गई थी। मामला पुलिस तक पहुंचा था। इसी क्रम में मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि जवाहर को जहर दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र झल्लन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी। संवाद