लखीमपुर खीरी। कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के गांव मोहम्मदी सराय में जमीन के विवाद में हमलावरों ने एक युवक की पिटाई कर धारदार हथियार से घायल कर दिया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव मोहम्मदी सराय निवासी इकरार खान ने बताया कि वह वर्तमान समय में गांव तुर्कहटा हटहटपुर में रह रहा है। उसने मोहम्मदी सराय स्थित अपनी जमीन सगे भाई जहीर और जमील को बेच दी, जिससे गांव का ही एक व्यक्ति काफी नाराज रहता था। आरोप है कि दोपहर तीन बजे जब वह अपने भाई जहीर की नींव भरवा रहा था। तभी वह अपने दो भाइयों और अपने एक अन्य साथी के साथ मौके पर पहुंचा और उससे बोला कि जमीन पर मेरे अलावा और कोई नहीं रहेगा। विरोध करने पर उन लोगों ने उसकी लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। इस दौरान कुल्हाड़ी मारकर उसे जख्मी कर दिया। चीखने चिल्लाने पर गांव के कुछ लोग आ गए। ग्रामीणों के ललकारने पर हमलावर भाग निकले। परिवार वाले उसे गंभीर हालत में सीएचसी लाए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल भेज दिया। घायल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। हलका दारोगा कृपेंद्र सिंह का कहना है कि जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है, लेकिन मामला प्रधानी चुनाव को लेकर आपस में भिड़ने का है। जांच कर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद