महेवागंज। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव सिसौरा निवासी युवक ने चीनी मिल के एक अधिकारी और उसके पुत्र पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर साढ़े चार लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने पैसा वापस मिलने की बात कही है।
सिसवारा गांव के एक युवक ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उसने सदर तहसील में आउटसोर्सिंग से कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती के लिए आवेदन किया था। इस बीच सदर कोतवाली इलाके की एक चीनी मिल के पूर्व परिचित अधिकारी और उसके पुत्र ने नौकरी दिलाने का पक्का भरोसा दिया। आरोप है कि अधिकारी और उसके पुत्र ने सत्ता शासन में अच्छी पैठ होने की बात कह नौकरी दिलाने के नाम पर उससे साढ़े चार लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी हाथ न आई तो उसने पैसे मांगे। इस पिता-पुत्र ने रुपये जल्द लौटाने की बात कही। काफी दबाव देने पर जनवरी में एक चेक दी। आरोप है खाते में पर्याप्त धनराशि न होने की बात कह छह दिन बाद बैंक ने चेक वापस कर दी। इस पर उसे पूर्ण ठगी का एहसास होने पर आरोपियों को तीन फरवरी को रजिस्टर्ड डाक से तामिल नोटिस भेजी। जवाब न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की चौखट खटखटाई। चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था। पीड़ित ने दो रोज पहले रुपये वापस मिलने और आपसी समझौता होने की बात बताई है।