निघासन-धौरहरा। धौरहरा एसडीएम एस सुधाकरन ने ढखेरवा स्थित कनक हॉस्पिटल को वित्तीय अनियमितताओं के चलते सील कर दिया। लॉकडाउन में कोई भी मरीज न लेने के आदेश के बावजूद वहां पर ऑपरेशन और प्रसव कराते हुए मरीज पाए गए। कार्रवाई के दौरान बिना डिग्री के वार्ड ब्वॉय और अन्य स्टाफ भी मिला। एसडीएम ने पूरे अस्पताल को सील करते हुए नोटिस जारी की है। इसके पहले भी ढखेरवा के दो अस्पताल सील हो चुके हैं।
एसडीएम एस सुधाकरन ने बताया कि कनक हॉस्पिटल में छापा मारा गया था। वहां पर डॉक्टर नितेश दास मिले। उन्होंने बताया कि अस्पताल जनवरी से बंद है। यहां पर कोई भी मरीज नहीं लिए जाते है। एसडीएम ने अस्पताल के अन्य कमरों की तलाशी ली तो एक व्यक्ति के ऑपरेशन किया गया था। वह मरीज वहां भर्ती था। इसके अलावा एक प्रसूता महिला पांच दिन से भर्ती थी, जिसे एंबुलेंस से रमियाबेहड़ सीएचसी भेजा गया। एक अन्य महिला के सीने में दर्द होने के कारण दवा लेने आई थी। बिना डिग्री और डिप्लोमा के वार्ड ब्वॉय और पैथोलॉजिस्ट मिले। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन में डॉक्टर दूसरे और मौके पर दूसरे डॉक्टर मिले। एसडीएम ने मौजूद डॉक्टर से झूठ बोलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए अस्पताल को सील कर नोटिस दी है। एसडीएम ने बताया कि यह अस्पताल स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक फार्मासिस्ट का है। उसकी भी जांच की जा रही है।