बांकेगंज के कोठीपुर गांव में कच्ची दिवारों पर छप्पर डालकर गुजर-बसर कर रहा परिवार।
- फोटो : LAKHIMPUR
बांकेगंज। सभी गरीबों और जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने के लिए चल रही प्रधानमंत्री आवासीय योजना ग्रामीण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती जा रही है। बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र में कई ऐसे लोग हैं जिनके पास रहने को ढंग की झोपड़ी तक नहीं है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
ब्लॉक मुख्यालय की पंचायत ग्रंट नंबर 10 के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी अमन दीप और कोठीपुर गांव निवासी मंगेश कुमार कच्ची दिवारों पर छप्पर डाल कर अपने परिवार सहित गुजर बसर कर रहे हैं। इन दोनों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन किया था लेकिन अब तक उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। प्रधानमंत्री ने जब आवासीय योजना की शुरुआत की तो इन दोनों को उम्मीद बंधी थी कि उनके सिर पर भी छत होगी। लेकिन कई बार आवेदन करने के बाद भी उन्हें छत नहीं नसीब हो पाई।
बताया गया कि पात्रता सूची में उनका नाम दर्ज था लेकिन जब लाभ मिलने का मौका आया तो सूची से दोनों का नाम ही गायब हो गया। यह एक दो मामले सिर्फ बानगी भर हैं जबकि कई पात्र व्यक्ति आवास पाने के लिए धक्के खा रहे हैं। आरोप है कि जिन लोगों ने प्रधान और सचिव को खुश कर दिया उन्हें योजना का लाभ पात्र न होते हुए भी मिल गया। ग्रंट नंबर 10 प्रधान विजय लक्ष्मी गौतम का कहना है कि अभी पुराने चयनित लाभार्थियों को आवास मिले हैं, उनका प्रयास होगा कि सभी पात्रों को उनके हक का लाभ मिले।
--
यदि किसी व्यक्ति का नाम पात्रता सूची में था और किसी लापरवाही के कारण डिलीट हो गया तो तत्कालीन पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अमित सिंह, बीडीओ, बांकेगंज
बांकेगंज के अंबेडकर नगर में बनी झोपड़ी में मौजूद परिवार।- फोटो : LAKHIMPUR