लखीमपुर खीरी। लखीमपुर डिपो के अनुबंधित बस मालिकों ने मंगलवार से बस संचालन को लेकर हाथ खड़े कर दिए हैं। बस मालिकों का कहना है कि विभाग पर पिछले कई साल का इंसेंटिव (प्रोत्साहन राशि) बकाया है। इसके लिए कई बार ज्ञापन भी दिया गया। मगर, जिम्मेदारों ने कोई ध्यान नहीं दिया। रोजाना डीजल मूल्य में हो रही बढ़ोतरी से बस संचालन करा पाना संभव नहीं है। बस मालिकों की चेतावनी से डिपो प्रशासन में अफरातफरी है। देर शाम तक एआरएम और बस मालिकों में बैठकों का दौर जारी रहा।
परिवहन निगम का लखीमपुर डिपो अब तक उधार की बसों से चल रहा है। इस समय डिपो में 63 बसें हैं, जिसमें से 56 बस संचालित हो रहीं हैं। सोमवार को बस मालिकों ने एआरएम को ज्ञापन देकर इंसेंटिव न मिलने के कारण मंगलवार से बस संचालन ठप करने का एलान कर दिया। इससे डिपो प्रशासन से लेकर क्षेत्रीय कार्यालय हरदोई तक अफरातफरी मच गई।
बस मालिकों का कहना है कि परिवहन निगम पर जुलाई 2019 से लेकर अब तक का इंसेंटिव एवं समायोजन की धनराशि बकाया है। इसके लिए कई बार एआरएम को ज्ञापन भी दिया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। अनुबंधित बस एसोसिएशन के लोगों ने बताया कि निगम की ओर से 15 दिन पर भुगतान किया जाता है। वह भी पुराने डीजल मूल्य के अनुसार। जबकि डीजल मूल्य में रोजाना वृद्धि हो रही है। इस तरह करीब 18 रुपये प्रति लीटर की दर का अंतर आ रहा है। इस तरह निगम पर प्रति बस दो लाख की धनराशि बकाया है।
इस संबंध में एआरएम से वार्ता करने पर सिर्फ आश्वासन ही मिला। बस मालिकों का कहना है कि दिन पर दिन बढ़ते डीजल मूल्य एवं बकाया भुगतान न मिलने से बस संचालन करा पाना संभव नहीं है। इसी क्रम में बस मालिकों ने मंगलवार को बसें डिपो परिसर में खड़ी कर चॉबियां एआरएम को सौंपने का निर्णय लिया है।
..
करीब आ रहे त्योहार, बढ़ेंगी मुश्किलें
अनुबंधित बस मालिकों ने अतिरिक्त बस संचालन पहले से बंद कर रखा है और अब मंगलवार से पूरी तरह से बस संचालन बंद करने का एलान किया है। इससे निगम के स्थानीय और क्षेत्रीय प्रशासन में अफरातफरी है, क्योंकि कुछ दिन बाद रक्षाबंधन है। ऐसे में यात्रियों की आवाजाही बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में बसों का अतिरिक्त संचालन न होना या फिर पूरी तरह बंद हो जाने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। बस संचालन प्रभावित न हो इसलिए एआएम से लेकर केंद्र प्रभारी तक बस मालिकों को मनाने में लगे हैं।
..
करीब दो साल से न तो इंसेंटिव मिला और न ही समायोजन की धनराशि। इसके लिए जब भी एआरएम से बात की गई तो सिर्फ आश्वासन ही मिला। जबकि डीजल मूल्य दिन पर दिन बढ़ रहा है। ऐसे में बस संचालन कराना संभव नहीं है।
-रितेश श्रीवास्तव महामंत्री, अनुबंधित बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन
..
पुराने डीजल मूल्य के आधार पर रोडवेज भुगतान दे रहा है। जबकि मौजूदा कीमत के अनुसार करीब 18 रुपए प्रति लीटर का अंतर आ रहा है। इस तरह एक बस का निगम पर करीब दो लाख रुपये बकाया हैै। लिखित रूप में आश्वासन न मिलने पर मंगलवार से बस संचालन बंद कर देंगे।
-श्रवण कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष अनुबंधित बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन
..
बस मालिका इंसेंटिव आदि की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराते हुए बस मालिकों के साथ वार्ता जारी है। जल्द ही निष्कर्ष निकलने की उम्मीद है। मंगलवार को बस संचालन जारी रहे इसके लिए हर संभव प्रयास जारी है।
-जोगेंद्र सिंह, एआरएम, लखीमपुर डिपो