मृतक के परिजनों का आरोप है कि रामचंद्र दोस्तों संग जंगल में लकड़ी बीनने गया था। तभी पुलिस उसे मझगईं थाने ले गई और जमकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने पिटाई का आरोप गलत बताया है।
लखीमपुर खीरी के मझगईं थाने के गांव हुलासी पुरवा निवासी रामचंद्र के शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इसके कारण विसरा सुरक्षित किया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। उधर, उसके परिजन लगातार पुलिस की पिटाई से रामचंद्र की मौत होने का आरोप लगा रहे हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को गांव में रामचंद्र के घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। एएसपी पवन गौतम ने गांव पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही निघासन विधायक शशांक यादव भी वहां पहुंचे। एएसपी पवन गौतम ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। परिजन के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह गलत हैं।
परिजन बोले- जंगल में लकड़ी बीनने गया था
हुलासीपुरवा गांव निवासी रामचंद्र (40) पर अवैध रूप से शराब बनाने के आरोप में सात-आठ दिन पहले ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। उसके भाई दिनेश ने बताया कि रामचंद्र सोमवार शाम को दोस्तों मोहन, सुरेश और मुनेश के साथ लकड़ी बीनने गया था। मझगईं थाने के सिपाहियों संग एक एसआई व निघासन कोतवाली के कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे।
रामचंद्र और उसके दोस्तों को मझगईं थाने ले गए। वहां रामचंद्र को बुरी तरह पीटा। हालत बिगड़ने पर पुलिस वाले उसे अपनी गाड़ी से निघासन सीएचसी लाए और छोड़कर फरार हो गए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि जंगल में अवैध रूप से शराब बनाने की शिकायत पर उसे व उसके दोस्तों को हिरासत में लिया गया था। पिटाई का आरोप गलत है।