खबर छपी तो जागे जिम्मेदार, लेकिन....
भीरा-स्टेट हाईवे पर मुड़िया हेमसिंह चौराहे पर टूटी थी पुलिया
स्टेट हाईवे पर एक टूटी पुलिया पर मिट्टी का ढेर लगाने वाले महकमे की नींद तो खुली लेकिन इससे मुसाफिरों को खतरा कम नही हुआ। अमर उजाला में खबर छपने के बाद मुख्यालय के अफसरों ने खुद के बचाव का इंतजाम किया, कोई हादसे के बाद उन पर तोहमत न लगा दे बस इसी जुगत में पुलिया के दोनों ओर बोर्ड जरूर लगा दिए, साथ ही पुलिया पर हादसे की कमी के कोई इंतजाम नही किए।
दरअसल लखीमपुर से भीरा-पलिया होकर नेपाल जाने वाले स्टेट हाईवे पर मुड़िया हेमसिंह के पास एक पुलिया धंस गई थी। महकमे ने इस टूटे हुए हिस्से पर मिट्टी के ऊंचे-ऊंचे ढेर लगा कर एक लाल रंग की झंडी टांगकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली थी। इस रास्ते पर मुसाफिरों की जान खतरे में होने को लेकर अमर उजाला ने पीडब्ल्यूडी की लापरवाही राहगीरों के लिए जानलेवा शीर्षक से खबर लगाई थी। अमर उजाला में खबर छपी तो अफसरों को यहां पर अपनी जिम्मेदारी का अहसास हुआ, यहां बोर्ड लगाकर चालकों को चेता दिया गया, लेकिन खतरा राहगीरों के लिए कम नही हुआ। अब मिट्टी हटाकर ईंटों की दीवार बना दी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा अब और भी बढ़ गया है।