लखीमपुर खीरी के मैगलगंज क्षेत्र में प्रेमिका के साथ जहर खाने वाले युवक की भी मौत हो गई। प्रेमिका की मौत सोमवार को हो गई थी। युवक को लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उसने दम तोड़ दिया।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर प्रेमिका की कुछ घंटे के बाद मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल प्रेमी ने दूसरे दिन लखनऊ में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। प्रेमी युगल दोनों बालिग थे और शादी करना चाहते थे लेकिन परिवार के लोग राजी नहीं थे।
विज्ञापन
ग्राम रहजनिया निवासी शिवम यादव (25) का एक युवती के साथ कई महीनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। प्रेमी-प्रेमिका शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिजन नाराज थे। शादी की बात पक्की न होने की वजह से दोनों परेशान थे। दोनों की शादी के बीच जाति बाधा बन रही थी। सोमवार रात दोनों ने एक दूसरे से बात की और एक साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहर खाने की जानकारी परिजनों को तब हुई, जब उनकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन दोनों को अस्पताल लाए, जहां प्रेमिका की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि प्रेमी को चिकित्सकों ने गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया था। बताते हैं कि लखनऊ में भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बुधवार सुबह शिवम की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। दोपहर बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे, भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस को अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है।