लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। परिजन दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां प्रेमिका की मौत हो गई। प्रेमी की हालत गंभीर है। उसका लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
ग्राम रहजनिया के शिवम यादव 25 का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों बालिग थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन प्रेमीयुगल की जाति इसमें बाधा बन रही थी। दोनों परिवार शादी के लिए राजी नहीं थे। लिहाजा, प्रेमी युगल ने एक साथ मरने का इरादा बनाया। सोमवार की रात दोनों एक साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने के बाद दोनों के परिजनों उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां प्रेमिका ने दम तोड़ दिया। वहीं प्रेमी की हालत गंभीर बनी है। चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अपराध निरीक्षक महेश पाठक ने बताया कि लड़की की मौत की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की है। लड़के के जहर खाने की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस को किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।