लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। खास बात यह रही कि भाजपा ने जिले की आठ विधान सभा सीटों पर पुराने महारथियों पर ही दांव लगाया है। धौरहरा से विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के सपा में जाने से विनोद शंकर अवस्थी को टिकट दिया गया है।
इस बार कई विधायकों के टिकट कटने के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन भाजपा ने अपने विधायकों पर विश्वास जताया है। पिछले चुनाव में भाजपा के टिकट पर धौरहरा से चुनाव जीत कर विधायक बने बाला प्रसाद अवस्थी हाल ही में पाला बदलकर सपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा ने धौरहरा से पुराने कार्यकर्ता रहे विनोद शंकर अवस्थी को टिकट दिया है। जबकि अन्य सीटों पर कोई बदलाव नहीं किया है। भाजपा ने सदर विधान सभा से विधायक योगेश वर्मा, पलिया से विधायक हरविंदर सिंह उर्फ रोमी साहनी, निघासन से विधायक शशांक वर्मा, श्रीनगर से विधायक मंजू त्यागी, कस्ता से सौरभ सिंह सोनू, गोला से विधायक अरविंद गिरी और मोहम्मदी से विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह को टिकट दिया है।