पलिया-निघासन रोड पर बेला गांव के पास हुआ हादसा
पलियाकलां। पलिया-निघासन रोड पर बेला गांव के पास किसी वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेजा है।
इलाके के बबौरा गांव निवासी संतोष का 23 वर्षीय पुत्र मंजीत कुमार पलिया में काम करता है। बीती रात आठ बजे वह बाइक से घर आ रहा था। इस दौरान पलिया-निघासन रोड पर बेला के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मंजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर मझगईं चौकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेजा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
मैजिक ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ी, दो लोग घायल
पलियाकलां। पलिया-भीरा रोड पर चीनी मिल के पास एक तेज रफ्तार मैजिक और ट्रैक्टर ट्रॉली में भिड़ंत हो गई, जिसमें मैजिक चालक और उसका हेल्पर बुरी तरह घायल हो गया।
उत्तराखंड के रुद्रपुर थाना के काशीपुर निवासी मैजिक लोडर का चालक 28 वर्षीय विजय पुत्र विजेंद्र अपने हेल्पर 25 वर्षीय अंकित पुत्र जितेंद्र के साथ पलिया से लखीमपुर खाली मैजिक लोडर गाड़ी लेकर जा रहे थे। पलिया-भीरा रोड पर तेज रफ्तार होने के चलते मैजिक अनियंत्रित होकर रोड किनारे खड़ी पैरा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर विजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मैजिक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसका अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। संवाद