लखीमपुर खीरी। जिले में संचालित परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से संपन्न कराईं जाएंगी। परीक्षाओं को लेकर विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षाएं कराए जाने के लिए विभाग को 25 लाख रुपये का बजट भी मिल चुका है। बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालयों को दस रुपये और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 20 रुपये प्रति पेपर के हिसाब से खर्चा विभाग वहन करता है।
बेसिक विभाग के अधिकारी वार्षिक परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बीईओ अपने स्तर से विद्यालयों को आवंटित करेंगे। इस बार 16 मार्च से शुरू होने वाली बेसिक की परीक्षाएं होली से पहले यानी 21 मार्च तक संपन्न करा ली जाएंगी। इसके बाद कापियों के मूल्यांकन का कार्य शुरू कराया जाएगा। मूल्यांकन और परिणाम नवीन सत्र यानी एक अप्रैल से पहले घोषित कर दिए जाएंगे।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि कक्षा एक में सभी विषयों की मौखिक परीक्षाएं होंगी। वहीं आठ तक के विभिन्न विषयों की परीक्षाएं अलग-अलग दिनों में संपन्न कराई जाएंगी। परीक्षा ढाई घंटे चलेगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:15 बजे से लेकर 11:45 तक होगी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा 12:15 से लेकर 2:45 तक चलेगी। इस बार जिले में 5,12,109 पंजीकृत हैं।
प्राथमिक स्कूलों के लिए दस रुपये प्रति छात्र व उच्च प्राथमिक के लिए 20 रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से मिला है बजट
बता दें कि परिषदीय स्कूलों में संपन्न होने वाली परीक्षा में प्रश्नपत्र से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं सहित अन्य जरूरी सामान की खरीददारी के लिए विभाग की ओर से 25 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इसको लेकर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए अलग अलग धनराशि आवंटित की जाती है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्राथमिक स्कूलों के लिए दस रुपये प्रति छात्र व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए 20 रुपये प्रति बच्चा के हिसाब से दिया जाता है।
इन ब्लॉकों में इतने बच्चे हैं पंजीकृत
बांकेगंज- 25289, बेहजम- 26939, बिजुआ- 33212, धौरहरा- 31568, ईसानगर- 37338, कुंभी गोला- 26569, लखीमपुर- 39549, मितौली- 33792, मोहम्मदी- 30345, नकहा- 31054, निघासन- 47025, मोहम्मदी- 2048, पलिया- 25799, पसगवां- 38131, फूलबेहड़- 34304, रमियाबेहड़- 41322, गोला- 2404, लखीमपुर- 5421
आयोजित होने वाली वार्षिक परीक्षाओं को लेकर सभी बीईओ को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। परीक्षा से लेकर मूल्यांकन और परिणाम घोषित होने की तैयारियां तेजी के साथ की जा रही है। - प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए