व्यापारियों ने सोमवार को मंडी रेट से कम लगाई थी गेहूं की बोली
लखीमपुर खीरी। मंडी समिति राजापुर में छह माह पहले सरकारी गेहूं खरीद के दौरान लावारिस हाल में बरामद गेहूं की नीलामी के लिए बृहस्पतिवार को दोबारा बोली लगाई जाएगी। इससे पहले सोमवार को हुई नीलामी में 19 व्यापारियों ने भाग लिया था, लेकिन 37.71 लाख कीमत के गेहूं की बोली 25 लाख तक ही पहुंचीं थी। इससे मौके पर उपस्थित कमेटी ने नीलामी प्रक्रिया निरस्त कर दी थी और दोबारा नीलामी कराने के लिए 25 नवंबर की तिथि निर्धारित की है।
सरकारी गेहूं खरीद के दौरान मई में संभागीय खाद्य नियंत्रक संतोष कुमार ने यूपीएसएस के क्रय केंद्र के चबूतरे व दो ट्रकों में लोड लावारिस हाल में 3819 बोरे गेहूं बरामद किया था, जिसके बाद इस मामले में केंद्र प्रभारी समेत दो लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा डीएम ने एसडीएम सदर की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच कराई थी। कई महीने तक चली जांच के बाद पहले तीन बार नीलामी की तिथि निर्धारित हुई, लेकिन अपरिहार्य कारणों से नीलामी निरस्त करनी पड़ी थी।
22 नवंबर को चबूतरा नंबर छह पर हुई नीलामी में 19 व्यापारियों ने भाग लिया, जिसमें 20 लाख से बोली शुरू हुई। इसके बाद व्यापारियों ने 25 लाख तक बोली लगाई। इससे एसडीएम सदर राजेश कुमार ने नीलामी निरस्त कर दी। मंडी सचिव सुधांशु कुमार ने बताया कि मंडी में गेहूं का रेट 1800 से 1850 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, लेकिन नीलामी में व्यापारियों ने करीब 1310 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आखिरी बोली लगाई थी। इससे नुकसान को देखते हुए नीलामी निरस्त की गई थी।