पुलिस ने विद्यावती हत्या कांड का किया खुलासा, चार आरोपियों का चालान
निघासन। सिंगाही थानाक्षेत्र के गांव सिंगहा निवासी बुजुर्ग विद्यावती की हत्या मामले में पुलिस ने उसके ही बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 50 हजार में हत्या करने की सुपारी उसके बेटे ने ही दी थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान भेजा है।
सीओ एसके जायसवाल ने बताया कि 15 नवंबर को सिंगहा निवासी अवधराम ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप नौरंगाबाद निवासी दिलबाग पर लगाया था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसओ राजकुमार ने बताया कि हत्या के दिन से ही मामले में शक की सुई विद्यावती के किसी नजदीकी पर थी।
बताया कि घटना रात के तीन बजे हुई और पुलिस को सूचना सुबह सात बजे दी गई। इसके अलावा गोली मारने की आवाज पड़ोस में सो रहे अवधराम को भी नहीं लग सकी। इन बिंदुओं पर जब पुलिस ने छानबीन की तब मामला सामने आया। विद्यावती के नाम 32 बीघा भूमि का विवाद नौरंगाबाद के दिलबाग से चल रहा था। इस मामले में कोर्ट दिलबाग के पक्ष में फैसला आने वाला था।
दिलबाग को फंसाने के लिए विद्यावती के बेटे बलराम ने गांव के ही रंजीत और महेश को 50 हजार रुपये की सुपारी दी। महेश ने प्रेमपति को भी शामिल करते हुए विद्यावती की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जब विद्यावती के बेटे बलराम से कड़ाई से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने प्रेमपति, बलराम, महेश और रंजीत को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। प्रेमपति की निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किया जाने वाला तमंचा भी पुलिस ने बरामद किया है। प्रेमपति पर हत्या, जानलेवा हमला, मारपीट, एससीएसटी, चोरी, लूट आदि 22 मुकदमे निघासन, सिंगाही, मैगलगंज, लखीमपुर, पलिया थाने में दर्ज है।