जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: विजयी प्रत्याशियों ने किया खुशी का इजहार
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग तिवारी अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं, उन्हें 831वोट हासिल हुए, जबकि प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार चंद्रमोहन वर्मा को 771 वोट हासिल हुए। उन्होंने 60 वोटों से जीत हासिल की। महेंद्र तिवारी महामंत्री चुने गए, उन्होंने निकटतम उम्मीदवार हेमंत गुप्ता को 64 वोटों से शिकस्त दी, उन्हें 643 वोट मिले, जबकि 579 वोट हासिल करते हुए हेमंत गुप्ता दूसरे स्थान पर रहे। सत्येंद्र बाजपेई 304 वोट पाकर तीसरे स्थान पर तो रामाधार राही को 72 वोट ही हासिल हुए। वह चौथे स्थान पर रहे। मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी ने विजयी पदाधिकारियों को जीत का प्रमाण पत्र जारी करते हुए बधाई दी।
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग तिवारी ने जीत हासिल की है, उन्होंने दो बार अध्यक्ष रह चुके चंद्रमोहन वर्मा को 60 वोट से शिकस्त दी, मतगणना परिणाम की घोषणा के बाद उन्होंने अपनी विजय का श्रेय साथी अधिवक्ताओं को दिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर धर्मेंद्र शुक्ला ने 832 वोट हासिल करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी अनिल सक्सेना को 93 वोट से शिकस्त दी, जबकि संयुक्त मंत्री के तीन पदों पर संजय अवस्थी, जाहिद अली सिद्दीकी और संदीप जायसवाल ने जीत हासिल की। जबकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संजय सिंह और कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव का एकल नामांकन होने के कारण पूर्व में ही निर्विरोध चयन हो चुका है। मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी रामनरायन त्रिवेदी ने उन्हें भी निर्वाचन का प्रमाण पत्र जारी किया।
--
पहले ही मंगा लिया था ढोल, गुलाल
मतगणना के दौरान जब वोटों की गिनती 22 वें राउंड में थी तभी वोटों का रुझान सामने आ गया था, लिहाजा प्रत्याशियों के समर्थकों ने पहले ही अबीर, गुलाल, फूलमाला मंगवा ली थीं, जब वोटों की गिनती 30 राउंड तक पहुंची तब तक समर्थकों ने ढोल नगाड़े भी बजाना शुरू कर दिए, हालांकि आतिशबाजी पर रोक थी लेकिन जीत की खुशी में समर्थकों ने खूब आतिशबाजी की।