हाथ उठाकर लिया संकल्प...नहीं जाएंगे खुले में शौच
अल सुबह चार बजे अटकोहना में जगाई अलख
मार्निंग वॉक कर सबको एकत्र किया, फिर समझाया
सुबह चार बजे का वक्त, आसमान में छाए बादलों से कड़कती बिजली और रिमझिम वर्षा। घर की कुंडी खटकती, दरवाजा खुलता तो सामने मौजूद डीएम आकाशदीप के साथ प्रशासनिक अमला देख संबंधित व्यक्ति भौचक्का रह जाता। डीएम, डीपीआरओ और परियोजना समन्वयक ने एक-एक कर लोगों को उठाया। मॉर्निंग वॉक करते हुए गांव के छोर पर सबको एकत्र किया और खुले में शौच न जाने के लिए प्रेरित किया। इस पर सभी ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि खुले में शौच नहीं जाएंगे, घर पर ही शौचालय बनवाएंगे।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन अभियान रफ्तार पकड़ने लगा है। गुरुवार की सुबह डीएम आकाशदीप अधिकारियों के साथ विकास खंड नकहा के ग्राम अटकोहना पहुंचे। उनके साथ डीपीआरओ सुधीर श्रीवास्तव, नकहा के बीडीओ सुनील कुमार, जिला परियोजना समन्वयक नन्द किशोर दीक्षित और ग्राम प्रधान रमेश वर्मा भी थे। सुबह डीएम और उनके साथ अमले को देख ग्रामीण भौचक्के रह गए। जिनके दरवाजे बंद थे, उनकी कुंडी खटकाई गई। बाहर निकले गृहस्वामी और बच्चे भी इस काफिले में शामिल हो लिए, फिर गांव के छोर पर डीएम ने चौपाल लगाई। उन्होंने पूछा, गांव में कितने घर हैं। प्रधान ने बताया 400। डीएम ने बताया, बीमारियों से बचना है तो खुले में शौच जाना बंद करो। डीएम ने कहा कि सभी संकल्प लें और इसे आदर्श गांव बनाएं। जिनके घर शौचालय नहीं बने थे, उन्होंने 30 जून तक शौचालय बनवा लेने का भरोसा दिलाते हुए अपना-अपना नाम लिखवाया और हाथ उठाकर खुले में शौच न जाने का संकल्प लिया।
--
खुले में शौच जाने से रोक रही बनवारी की टीम
डीएम आकाशदीप के निर्देशन में गांव अटकोहना के बनवारी लाल की टीम गांव वालों को खुले में शौच जाने से रोक रही है। 30 जून के बाद सभी घरों में शौचालय बन जाएंगे, फिर खुले में शौच जाने पर यह टीम जुर्माना लगाएगी।
--
सीडीओ ने मडराही में दिलाया संकल्प
डीएम के निर्देश पर सीडीओ अमित सिंह बंसल विकास खंड बेहजम के गांव मडराही में सुबह चार बजे पहुंचे और गांव वालों को एकत्र कर खुले में शौच न जाने के लिए प्रेरित किया और संकल्प दिलाया।
--
ये है योजना
खुले में शौच मुक्त अभियान पंचायत राज विभाग चला रहा है। लोगों को जागरूक करने के लिए समितियां बनाई गई हैं। इन समितियों के लोग सुबह पांच बजे से ही खेत में लोटा लेकर जाने वालों को समझाते हैं और लोगों को घर में शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित करते हैं।