लखीमपुर खीरी। कोरोना आपदा में जरूरतमंदों को भोजन कराने से लेकर राहत सामग्री वितरित करने में समाजसेवी एवं सामाजिक संगठन आगे आ रहे हैं। जोकि अपनी क्षमता अनुसार जरूरतमंदो की मदद कर रहे हैं। साथ ही जो लोग क्वारंटीन सेंटरों में हैं, उनके चाय नाश्ते से लेकर दोपहर एवं रात का भोजन उपलब्ध कराने के साथ रोज कमाकर खाने वालों के घर लंच पैकेट और खाघ सामग्री पहुंचा रहे हैं।
बता दें कि जिला प्रशासन के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन के राहत शिविर में दूसरे जिलों से आने वाले 41 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जिनके चाय नाश्ते से लेकर दोनों समय के खाने-पीने की व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन और सामाजिक संगठन सक्रिय हैं। समाजसेवी रमेश अग्रवाल, इंद्रेश गुप्ता, कन्हैया चाट वाले कन्हैया गुप्ता समेत नवयुग सामाजिक संठन, गायत्री परिवार आदि संगठन के लोग बढ़ चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। जोकि क्वारंटीन किए गए लोगों को भोजन आदि उपलब्ध कराने के साथ जरूरतमंदो के घर तक खाघ सामग्री पहुंचा रहे हैं। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान स्टॉफ ने राहत शिविर में पहुंचकर क्वारंटीन किए गए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
सेवा रसोई में लंच पैकेच बनाकर भेज रहे विहिप कार्यकर्ता
नवयुग सामाजिक ट्रस्ट के लोग रोजाना लंच पैकेट बनवाकर जरूरतमंदो के घर तक पहुंचा रहे हैं। इसके लिए संगठन के लोगों ने नौरंगाबाद के जोड़ी बंगला स्थित श्रीरामभवन में मानव सेवा रसोई की शुरुआत की है। भोजन तैयार करने में विहिप के आचार्य संजय मिश्रा, भाजपा के राघव हिंदू, राम पांडे, व्यापारी नेता संजय गुप्ता आदि लोग श्रमदान कर रहे हैं।
स्वयंसेवक जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे खाघ सामग्री
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं सेवा भारती के स्वयंसेवक जरूरतमंदो को भोजन कराने के साथ गरीबों के घर खाघ सामग्री पहुंचा रहे हैं। नगर कार्यवाहक सोनू ने बताया कि नर सेवा नारायण सेवा के तहत शहर के सभी 30 वार्डों के बस्ती प्रमुख, शिक्षक एवं शाखा कार्यवाहकों की 30 टोलियां जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित कर उनके घर खाघ सामग्री पहुंचा रही हैं। जिला प्रचारक अभिषेक की ओर से बनाई गई टोली में अमरेश, अजय, आचार्य संजय, दीपक पुरी आदि स्वयंसेवक शामिल हैं।