पलियाकलां। पलिया तहसीलदार के कार्यालय से चोरी छिपे फाइल ले जाने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार के पेशकार ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। इसमें बैनामा लेखक पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
सोमवार को पलिया तहसीलदार के पेशकार आलोक राज ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि उनकी व तहसीलदार की गैरमौजूदगी में एक बैनामा लेखक कार्यालय में घुस आया। तीन फाइल व दो नोट पत्र चुराकर लेकर जाने लगा। जब वह फाइलों को ले जा रहा था तो उसे कुछ अधिवक्ताओं ने देख लिया और संदेह होने पर पकड़ लिया।
अधिवक्ताओं ने उससे पूछताछ की। बिना किसी से पूछे फाइल क्यों उठाई के सवाल पर उसका कहना था कि ऑफिस में कोई नहीं था। इसके चलते वह फाइल उठा ले गया है। पेशकार आलोक राज द्वारा कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। तहसीलदार आरती यादव ने बताया कि मामले में उक्त बैनामा लेखक के खिलाफ तहरीर दी गई थी। मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। स्थानीय स्तर से भी जानकारी करते हुए जांच की जाएगी। संवाद