घटनास्थल पर जांच करती पुलिस संवाद
मैगलगंज। थाना क्षेत्र के गांव चपरतला-गांधीनगर के निकट सोमवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक 25 वर्षीय युवक रेलवे ट्रैक से होकर सीतापुर से शाहजहांपुर की तरफ पैदल जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे सीतापुर की ओर से आई ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हाे गई। लोको पायलट ने अगले स्टेशन पर जाकर जीआरपी थाने में सूचना दी। सूचना पाकर जीआरपी और मैगलगंज पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक का शव पड़ा था। मृतक के हाथ पर एके और मुस्कान लिखा है। संवाद
वाहन से टकराकर युवक की मौत
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर मार्ग पर केशवापुर के पास सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
ग्राम पंचायत गोला देहात के मथुरा नगर निवासी आशीष वर्मा (30) पुत्र गुरु प्रसाद सोमवार सुबह करीब चार बजे बाइक से नानपारा के लिए निकला था। रास्ते में केशवापुर के पास उसकी बाइक किसी वाहन से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि आशीष बहराइच में किसी निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। संवाद