लखीमपुर खीरी। देवकली रोड पर मथना चौराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार तीन लोगों को रौंद दिया। इसमें मोहल्ला मिश्राना (निकट रामायण भवन) निवासी 18 वर्षीय अवंतिका उर्फ साक्षी और ममेरी बहन बकसनिया (शाहजहांपुर) निवासी 19 वर्षीय उन्नति रस्तोगी की मौत हो गई। जबकि स्कूटी चला रहा 15 वर्षीय विवेक रस्तोगी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दोनों छात्राएं इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने अलीगंज क्षेत्र में पकड़ लिया। चालक ट्रक में खाद लेकर जा रहा था। स्कूटी चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
मोहल्ला मिश्राना (निकट रामायण भवन) निवासी अनुराग रस्तोगी का पुत्र विवेक रस्तोगी सोमवार को स्कूटी से देवकली स्थित शिव मंदिर जा रहा था। स्कूटी पर विवेक की सगी बहन अवंतिका उर्फ साक्षी और ममेरी बहन 19 वर्षीय उन्नति रस्तोगी पुत्री सुनील रस्तोगी सवार थीं। जबकि परिवार के अन्य सदस्य माता-पिता, मौसी, बुआ-फूफा आदि ऑटो रिक्शा में सवार थे। रास्ते में मथना चौराहे पर पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को रौंद दिया। स्कूटी सवार अवंतिका की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उन्नति और विवेक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्नति को मृत घोषित कर दिया।
वहीं विवेक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दो होनहार युवतियों की मौत से परिजन में कोहराम मचा है। शाहजहांपुर निवासी उन्नति रस्तोगी रक्षाबंधन पर रविवार को अपने माता-पिता के साथ रिश्तेदारी में अनुराग रस्तोगी के घर आई थी। बताते हैं कि सोमवार को परिवार के सभी लोग देवकली स्थित मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे, तभी रास्ते में दर्दनाक हादसा हो गया। इससे दोनों परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद मौके से ट्रक लेकर भाग रहे ट्रक चालक को पीछा करते हुए अलीगंज क्षेत्र में पकड़ लिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है, जिसमें खाद लोड थी।
-
दोनों युवतियां इंजीनियरिंग की थीं छात्राएं
इस हादसे में जान गंवाने वाली दोनों युवतियां होनहार थीं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहीं थीं। अवंतिका उर्फ साक्षी पुत्री अनुराग रस्तोगी लखनऊ स्थित बंसल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग की छात्रा थी, जबकि उन्नति रस्तोगी पुत्री सुनील रस्तोगी बरेली स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी।
----
यातायात नियमों का पालन न होने से गई छात्राओं की जान
लखीमपुर खीरी। सोमवार को यातायात नियमों की अनदेखी से स्कूटी सवार दो छात्राओं की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे किशोर की हालत गंभीर है।
मिश्राना मोहल्ला के रहने वाले अनुराग रस्तोगी ने कभी सोचा नहीं होगा कि उनकी आंखों के सामने ही उनकी पुत्री और भतीजी की मौत हो जाएगी। अनुराग का 15 वर्षीय पुत्र विवेक रस्तोगी स्कूटी से देवकली मंदिर के लिए निकला, जिस पर उनकी पुत्री अवंतिका रस्तोगी (18) और उनकी भतीजी उन्नति रस्तोगी (19) भी सवार थीं। विवेक ने हेलमेट नहीं लगाया था तो एक ही स्कूटी पर तीनों सवार थे।
स्कूटी के पीछे अनुराग का बाकी परिवार भी अन्य वाहन से देवकली मंदिर जा रहा था। विवेक स्कूटी लेकर काफी आगे निकल गया और मथन चौराहे पर वहां से गुजरते एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। ट्रक खाद से ओवरलोडेड था। ट्रक की टक्कर से स्कूटी के परखचे उड़ गए और स्कूटी सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिसमें अवंतिका की मौके पर मौत हो गई। बाकी दोनों घायलों को किसी तरह जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्नति को भी मृत घोषित कर दिया, जबकि हेलमेट न लगाने से गंभीर घायल विवेक को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर
दिया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। संवाद
-उन्नति रस्तोगी- फोटो : LAKHIMPUR