मझगईं (लखीमपुर खीरी)। पलिया थाना क्षेत्र के गांव बेला खुर्द निवासी युवक गुरुवार को रिश्तेदार के साथ लौटते समय बाइक से गिर कर घायल हो गया। परिजन ने उसे सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां रात में उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी व पुत्र ने उसके साथ गए रिश्तेदार पर बाइक से धक्का देकर जान से मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेला खुर्द निवासी बाबू गिरि का पुत्र तुलसी गिरि (38) अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से बृहस्पतिवार को नौगवां बैंक आया था। वापस जाते समय वह चलती बाइक से गिरकर घायल हो गया। उसे पलिया सीएचसी ले जाया गया जहां देर रात उसकी मौत हो गई। उधर, मृतक की पत्नी कमला देवी ने साथ में बैंक गए रिश्तेदार पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रिश्तेदार उसके पति से जबरन पैसे लेने के चक्कर में बैंक गया था लेकिन पैसा न मिलने पर उसे बाइक से गिराकर मार दिया। मृतक के बड़े पुत्र संतोष ने आरोप लगाया कि उक्त रिश्तेदार उसके पिता की जमीन अपने नाम कराना चाहता था। आरोप है कि इसी खुन्नस में तीन दिन पहले उसके पिता को जंगल में भी ले जाकर मारा पीटा था। पुलिस को अब तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तुलसी की मौत से पत्नी कमला के साथ उसके पुत्रों संतोष (12) और सूरज (6), पुत्री पूजा (8) के सिर से पिता का साया उठ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस बाबत चौकी इंचार्ज उग्रसेन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का लग रहा है पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार है। अब तक कोई तहरीर भी नहीं मिली है।
ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर की मौत
पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोहिउद्दीनपुर में किशोर की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम मोहिउद्दीनपुर निवासी चिरंजू का पुत्र अमित कुमार (14) गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे गांव में ही दुकान पर सामान खरीदने जा रहा था। इसी दौरान अमित कुमार को गांव में एक ट्रैक्टर चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में अमित कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौका पाकर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों का शव देखते ही कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को बरामद कर लिया है। थाना इंचार्ज ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।