लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के मामले में विचित्र और गुरविंदर नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच टीम ने दोनों आरोपियों को सोमवार शाम से ही अपनी कस्टडी में लिया हुआ है।
तिकुनिया कांड में जारी जांच के दौरान पर्यवेक्षण टीम ने दो और गिरफ्तारियां की हैं। मंगलवार को जांच टीम ने दो दिन की लंबी पूछताछ के बाद भाजपा नेता की एफआईआर में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
तीन अक्तूबर को तिकुनिया बवाल में आठ लोगों की मौत के बाद देर रात चार अक्तूबर की तड़के मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। पहली एफआईआर तिकुनिया थाने में दो बजकर 53 मिनट पर किसानों की तरफ से आशीष मिश्र मोनू समेत 15-20 अज्ञात के खिलाफ लिखाई गई थी।
दो घंटे बाद ही मामले में सुबह करीब पांच बजे सदर थाने में भाजपा सभासद सुमित जायसवाल ने अज्ञात लोगों पर हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसका नंबर 220 था। पर्यवेक्षण टीम दोनों ही मामलों में लगातार पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
पहली एफआईआर में जहां आशीष मिश्र मोनू समेत कुल 13 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं, मंगलवार को 220 नंबर एफआईआर की विवेचना में जांच टीम ने लंबी पूछताछ के बाद गुरुविंदर सिंह पुत्र गुरमेज सिंह निवासी मोकारमपुर अलीगंज थाना गोला व विचित्र सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी गोगावा थाना भीरा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को शाम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
219 नंबर एफआईआर में अब तक कुल 13 गिरफ्तारियां हुईं
तिकुनिया कांड में दर्ज दोनों मुकदमों की विवेचना करते हुए पर्यवेक्षण समिति ने कुल 15 गिरफ्तारियां की हैं, जिनमें 13 गिरफ्तारियां मुकदमा संख्या 219 के तहत व दो नई गिरफ्तारियां मुकदमा संख्या 220 के तहत की गई हैं।
पर्यवेक्षण टीम के मुखिया डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि 220 नंबर एफआईआर में दो गिरफ्तारियां की गई हैं, जिन्हें जेल भेजा गया है। बाकी विवेचना जारी है। बताया कि लगातारलोगों को नोटिस जारी कर उनसे पूछताछ की जा रही है। लगातार किसान बयान दर्ज कराने पहुंच रहे हैं।
सोमवार को 50 से ज्यादा किसान पहुंचे थे, जिनमें से 10-12 किसानों के ही बयान दर्ज हो सके थे। हालांकि उन्होंने अब तक कुल कितने लोगों से पूछताछ हुई है, इसका आंकड़ा बताने से इनकार करते हुए कहा कि डेली बेसिस पर नोटिस जारी बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं। वास्तविक स्थिति बताने में समय लगेगा।
मामले में 25 अक्तूबर को ही अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी कि तिकुनिया हिंसा में पीट-पीटकर हत्या मामले में छह लोगों की पहचान की गई है, जिसमें मंगलवार को दो गिरफ्तारियां हो गईं।
विचित्र सिंह से सोमवार शाम से जारी थी पूछताछ
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया कांड में लोगों से लगातार पूछताछ जारी है। कई लोगों को पुलिस नोटिस जारी कर तलब कर रही है तो कई लोगों को फोन कर बुलाया जा रहा है। वहीं, कई लोग खुद जांच टीम के सामने गवाह के तौर पर अपने बयान दर्ज करवा रहे हैं। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए गोगावां थाना भीरासी निवासी विचित्र सिंह से जांच टीम सोमवार शाम से पूछताछ कर रही थी।
कई किसान सोमवार को बयान दर्ज करवाने पहुंचे थे, जिसमें उनका भी नाम था, लेकिन जब वह घर लौटकर नहीं पहुंचे तो उनके पिता लखविंदर समेत कई अन्य लोगों के साथ मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच पहुंचे। उन्हें बताया गया कि उनका बेटा सोमवार की शाम क्राइम ब्रांच के सामने दाखिल हुआ था।
उन्हें नोटिस देकर बुलाया गया था। विचित्र सिंह के पिता ने बताया कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि अंदर क्या हो रहा है। वह तो बस अपने बेटे से मिलने आए हैं। हालांकि, बाद में विचित्र और गुरविंदर को गिरफ्तार कर लिया गया।
मंगलवार को तिकुनिया कांड में गिरफ्तार विचित्र सिंह और गुरविंदर सिंह पर तीन अक्तूबर को भीड़ को उकसाने का आरोप लगा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों से चली लंबी पूछताछ में दोनों की घटनास्थल पर मौजूदगी सामने आई, जिसके बाद उनसे कई क्रॉस सवाल किए गए।
सूत्रों के हवाले से खबर ये भी है कि इनकी घटना में सीधे संलिप्तता सामने नहीं आई, लेकिन यह दोनों तोड़फोड़ और पिटाई के लिए भीड़ को उकसाने के आरोपी बताए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, घटना के दौरान यह दोनों वीडियो भी बना रहे थे।