लखीमपुर खीरी। जिले में कोरोना संक्रमण निरंतर बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को 193 संक्रमित और मिले। इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,399 हो गई है। जबकि एक्टिव मरीज 1,118 हैं। वहीं इलाज के दौरान कोविड अस्पताल मोतीपुर में दो बजुर्गों की मौत हो गई। इससे कोरोना से मरने वालों की संख्या अब पांच हो गई है।
बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में पांच बच्चों सहित 16 किशोर किशोरियां संक्रमित मिलीं। इसमें एक बच्चे की उम्र एक साल, दो की सात साल, एक की आठ और एक की दस साल है। जबकि अन्य 12 किशोर किशोरियों की उम्र 11 से 17 साल के बीच है। जबकि अन्य संक्रमितों की उम्र 20 से लेकर 60 साल तक है। बृहस्पतिवार को 193 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जिले में पॉजिटिवों की संख्या 1,399 हो गई। इसमें से 257 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जिससे जिले में एक्टिव संक्रमितों की संख्या 1,118 रह गई। स्वास्थ्य विभाग के लोगों का कहना है कि 19 संक्रमितों का कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं इलाज के दौरान दो संक्रमितों की मौत हो गई है। इसमें शहर के मोहल्ला राजगढ़ निवासी और दूसरा बेहजम ब्लॉक के सकेथू निवासी है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में 655 लोग होम क्वारंटीन हैं।
सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर ने बताया कि कोरोना से बचाव का सबसे उपयुक्त उपाय वैक्सीनेशन और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना है। बृहस्पतिवार को 193 संक्रमित मिलने से जिले में एक्टिव कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1118 हो गई है। वहीं दो लोगों इलाज के दौरान के मौत हो गई।