हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली 347 महिलाएं हुई थी चिह्नित
पहले दिन सात और दूसरे दिन हुआ दस का परीक्षण
सात दिनों तक चले मातृत्व सप्ताह के चिह्नित हाई रिस्क प्रेगनेंसी समस्या से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए फरधान सीएचसी पर दो दिवसीय विशेष अभियान चला, जिसमें 17 हाई रिस्क प्रेगनेंसी से ग्रसित गर्भवती महिलाओं का परीक्षण हो सका।
जच्चा बच्चा की मृत्यु दर में कमी लाने एवं गर्भवती महिलाओं का सरकारी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराए जाने के लिए जिले में 14 से 21 अक्तूबर तक मातृत्व सप्ताह मनाया गया था। इस दौरान फरधान सीएचसी क्षेत्र में 347 गर्भवती महिलाएं हाई रिस्क प्रेगनेंसी समस्या से पीड़ित मिली थी, जिनकी दुबारा जांच कराने के लिए सीएचसी पर सोमवार और मंगलवार को दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया, जिससे इन महिलाओं नए सिरे से दुबारा परीक्षण करके उचित उपचार मुहैया कराया जा सके और इन महिलाओं का अस्पताल में सुरक्षित प्रसव हो सके। हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं को जांच के लिए सीएचसी पर लाने की जिम्मेदारी क्षेत्र की आशा बहुओं को सौंपी गई थी। इस विशेष अभियान के पहले दिन सीएचसी फरधान में सात और दूसरे दिन कुल दस हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली चिह्नित महिलाओं की जांच की गई।