घायल होने के बाद पुलिस के गिरफ्त में जैनुदीन उर्फ गोगा।
- फोटो : KUSHINAGAR
17 की उम्र में ट्रक लूटने का प्रयास किया था जैनुद्दीन ने
पहले भी कई बार जेल जा चुका है मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपित
समउर बाजार(कुशीनगर)। पटहेरवा पुलिस व स्वॉट टीम के मुठभेड़ में गिरफ्तार जैनुद्दीन उर्फ गोगा शातिर बदमाश है। उस पर पुलिस के रिकार्ड में देवरिया व कुशीनगर जिले में कई मुकदमे दर्ज हैं। 17 की उम्र में ट्रक लूटने के प्रयास में उसे तुर्कपट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
18 मार्च को फाजिलनगर कस्बे में द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने गए तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के जोकवा बाजार निवासी तीन किशोरों को चाकू मारने के बाद जैनुद्दीन उर्फ गोगा सुर्खियों में आया था। इस मामले में पुलिस ने उसके भाई मैनुद्दीन को गिरफ्तार किया था। जबकि दूसरा आरोपित न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। जैनुद्दीन उर्फ गोगा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर एक ओर पुलिस को चुनौती दे रहा था तो दूसरी ओर क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा को धमकी भी दे रहा था। इससे विधायक से लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं नाराज थे।
पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में गिरफ्तार जैनुद्दीन उर्फ गोगा का इलाज कराने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट कसया के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। जैनुद्दीन उर्फ गोगा पटहेरवा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ पटहेरवा, तुर्कपट्टी, विशुनपुरा तथा देवरिया जिले के तरकुलवा व रामपुर कारखाना थाने में लूट, छिनैती, चोरी, प्राण घातक हमला करने आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं। एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि जैनुद्दीन के आपराधिक रिकार्ड को खंगाला जा रहा है।