थाना क्षेत्र के गांव भगड़ा पिपरासी निवासी एक व्यक्ति की शनिवार की रात घर लौटते वक्त सड़क हादसे में मौत हो गई। दुबौली बाजार से पैदल आ रहे इस व्यक्ति को बालू लदी ट्रैक्टर ट्राली ने ठोकर मार दिया।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव भगड़ा पिपरासी नौका टोला निवासी रेयाज अंसारी (35) शनिवार की रात में दुबौली बाजार गया था। वापस लौटते वक्त गांव के मोड़ पर पीछे से आई बालू लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने ठोकर मार दिया। पहिया के नीचे आ जाने से रेयाज अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लोगों ने गाड़ी का पीछा करके चालक समेत पकड़ लिया। हादसे की जानकारी होने पर कुबेरस्थान के प्रभारी एसओ सुग्रीव पाठक मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पकड़े गए चालक और ट्रैक्टर-ट्राली को भी थाने भेजवाया। मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवार के मुखिया के मौत की मौत से बूढ़ी मां, पत्नी व पांच छोटी लड़कियों के अलावा डेढ़ वर्ष के पुत्र के पालन-पोषण की समस्या आ गई है। मृतक की पत्नी ने देर रात ही कार्रवाई के लिए कुबेरस्थान पुलिस को तहरीर दी। इस संबंध में प्रभारी एसओ सुग्रीव पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।