ट्रेन से कटकर मरे चचेरे भाई के शव का वीडियो देखकर सऊदी में रह रहे 35 वर्षीय युवक की रविवार को हृदयगति रुकने से मौत हो गई। बेटे के मौत की खबर सुनकर गांव में रह रही मां सदमा लगने से बीमार हो गई। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव गौरीश्रीराम के टोला सिरजम का है। दो दिन के अंदर इस परिवार पर टूटी विपत्ति से पूरा गांव शोकाकुल है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव गौरीश्रीराम टोला सिरजम निवासी आशिक अंसारी (26) बीते शुक्रवार को सुबह सेवरही जाने के लिए गौरीश्रीराम स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ रहा था। पैर फिसल जाने के कारण प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच की खाली जगह में गिर पड़ा। तब तक ट्रेन चल चुकी थी। ट्रेन से कटकर आशिक की मौत हो गई थी। करीब चार घंटे तक उसका शव रेलवे ट्रैक पर ही पड़ा हुआ था। आशिक अंसारी का चचेरा भाई रहमतुल्लाह अंसारी (35) रोजगार के लिए सऊदी अरब के रियाद शहर गया हुआ था।
शुक्रवार की शाम को हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही वह उदास था। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह उसे किसी ने व्हाट्सएप पर चचेरे भाई के कटे शव का वीडियो भेज दिया था। रहमतुल्लाह ने यह विभत्स वीडियो डाउनलोड कर देखा तो उसे हर्ट अटैक आ गया। अगल-बगल के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोपहर बाद यह खबर रहमतुल्लाह के घर पहुंची तो उसकी मां जैनुलिया (60) सदमे से बेहोश हो गई। घरवाले उसे किसी चिकित्सक के पास ले गए जिसने हालत बेहद नाजुक बताते हुए तत्काल गोरखपुर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद घरवाले उसे गोरखपुर के किसी प्राइवेट अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराए हैं। तीन दिन के अंदर दो मौत व महिला की हालत नाजुक होने से पूरा गांव शोकाकुल है।